एक ऐसी साईकिल यात्रा जिस पर मुझे अब तक भरोसा नही आ रहा है! बरसों का एक सपना सा पूरा हो गया है! महाराष्ट्र में महाबळेश्वर हिल स्टेशन और उसके आस- पास के अनुठे प्राकृतिक सुन्दरता से सजे क्षेत्र में सात दिन की साईकिल यात्रा सफल हुई| अब धीरे धीरे उसके बारे में लिखूँगा| शुरुआत आज इस पोस्ट से करता हूँ| इसकी योजना क्या थी, किस थीम के साथ यह यात्रा की यह बताता हूँ| आज सिर्फ इतना कहूँगा की ठीक इसी योजना जैसी यात्रा रही| बिल्कुल भी बदलाव करने की ज़रूरत नही हुई| बहुत ही रोमँटिक या कहें तो रोमँटिकेस्ट साईकिल यात्रा रही!!! आईए, इसकी योजना से शुरुआत करते हैं|
योग- ध्यान के लिए साईकिल यात्रा
नमस्ते! योग- ध्यान यह थीम ले कर एक साईकिल यात्रा करने जा रहा हूँ| साईकिल चलाने का करीब से सम्बन्ध योग और ध्यान से है| इतना ही नही, साईकिल चलाना, दौड़ना, अलग तरह के स्पोर्टस या नृत्य इन सब का सम्बन्ध योग और ध्यान से है| पश्चिमोत्तानासन जैसे कुछ आसन कठिन होते हैं| या सूर्य नमस्कार की तीसरी स्थिति में कई लोगों के हाथ जमीन को स्पर्श नही कर पाते हैं| लेकीन साईकिलिंग- रनिंग के साथ ऐसे आसन करना आसान होता है| इसके साथ एंड्युरन्स की गतिविधि में हृदय अधिक हवा पंप करता है| इसलिए साईकिल जैसे व्यायाम के बाद भस्त्रिका जैसा प्राणायाम भी अधिक शक्ति के साथ किया जा सकता है| साईकिल चलाते समय एक बात होती है कि हमारी गति कम हो जाती है| अक्सर हमें गति की आदत होती है| लेकीन साईकिल चलाते समय हम धिमे से बढ़ते हैं और हमारी 'सजगता' बढ़ती है| उसके साथ साँस लेने की क्षमता भी बढ़ती है| गहरी साँस लेने की क्षमता ध्यान की बुनियाद होती है| इसके अलावा जब हम किसी प्राकृतिक क्षेत्र में घूमने जाते हैं, तब हमारा हर रोज का रूटीन अलग रह जाता है और एक गैप क्रिएट होता है| प्रकृति हमें शान्त करती है, रिचार्ज कराती है| इस कारण साईकिल चलाने में एक डायनॅमिक मेडिटेशन भी होता है|