Saturday, November 22, 2014

जन्नत को बचाना है: जम्मू कश्मीर राहत कार्य के अनुभव १६ (अन्तिम)

“मेरे रुह की तस्वीर मेरा कश्मीर. . .”

मेरे रुह की तस्वीर मेरा कश्मीर. . .
ओ खुदाया लौटा दे कश्मीर दोबारा. . .

यह गाना जेहन में बिल्कुल ताज़ा है| १९ अक्तूबर को प्रात: जल्दी आँखें खुली| जितना जल्दी हो सके जम्मू के लिए निकलना है क्यों कि मुघल रोड़ पर भी‌ बाद में ट्रॅफिक जाम हो सकता है| फिर से सुबह साढ़ेपाँच बजे ठण्ड में निकला| साथी सोए हुए है| सुनसान माहौल. . . बस अड़्डे पर जा कर जीप लेनी है| ठण्ड में‌ चलने का बड़ा मजा आया| कदम आगे चल रहे हैं पर विचार पीछे चल रहे हैं| मात्र पन्द्रह दिन का यह सफर रहा| लेकिन इसके बावजूद ऐसा लग रहा है कि यह साझेदारी पुरानी‌ है. . .

जिन जिन साथियों के साथ काम किया, वे याद आ रहे हैं| देश के कई स्थान से आए हुए डॉक्टर और अन्य कार्यकर्ता गण| सेवा भारती के कार्यकर्ता या अब दोस्त कहना ज्यादा ठीक होगा| जावेद भाई का गाना| कश्मीर का अन्दर से दर्शन| काफी बातें मन मे आ रही है| खैर| बस अड़्डे के करीब रोड़ पर ही एक जीप मिली| अभी जम्मू जानेवाले लोगों की संख्या अधिक और साधनों की संख्या कम है; अत: किराया बढ गया है| जीप जम्मू के सांबा जिले के पासिंग की है| जेके- २१| चालक ने श्रीनगर में‌ घूम कर और पाँच सवारियाँ इकठ्ठा की|‌ एक सरदारजी परिवार है| पुलवामा के रास्ते निकलते पंक्चर भी हो गया| सब कुछ हो कर बाहर निकले तो सात बज गए है| ठण्ड से अच्छी खासी ठिठुरन हो रही है| जाते समय शोपियाँ में साथ बैठे सरदारों ने कुछ खण्डहरनुमा मकानों की तरफ इशारा करते हुए कहा कि ये कश्मीरी पण्डितों के मकान है| शोपियाँ में‌ ही कुछ स्थानीय लोग भी लिफ्ट चाहते है| पर किराए का विवाद हुआ और बात बनी नही| जगह जगह एक दूरी का अनुभव होता है| शोपियाँ में एक धाबे पर थोड़ी देर रूक कर आगे निकले| शोपियाँ सेब का शहर!

फिर पीर की गली| अब यहाँ रोड़ पर भी बर्फबारी हुई है! थोड़ी देर वहाँ के नजारे का आनन्द लिया| यहाँ ट्रॅफिक जाम भी है| लेकिन थोड़ी ही देर में ट्रॅफिक से आगे निकले| एक जगह मिलिटरी ने सभी की पूछताछ की| बीच बीच में चरवाहे सामने आते है| यह दृश्य भी अद्भुत है| इस यात्रा के फोटोज और व्हिडिओज यहाँ है| आगे थोड़ा जाम बीच में है; पर बिना रुकावट के पीर पंजाल उतर कर दोपहर में दो बजे तक राजौरी पहुँचे| भोजन के लिए नौशेरा के कुछ पहले रोका| वहाँ पास से ही‌ नदी जा रही‌ है और आसपास सब चिनार राज्य है! नि:सन्देह चिनार ही कश्मीर के सच्चे पहरेदार है! यहाँ मोबाईल नेटवर्क सर्च किए तो दो नेटवर्क पाकिस्तान के साफ दिखाई‌ पड़े| उनके सिग्नल भी‌ अच्छे थे| यह छोटीसी बात एक बडे तथ्य की तरफ इशारा करती है| हम आँखें खोल कर देखें तो दिखाई पड़ता है कि देश के कितने ही ऐसे हिस्से है जहाँ देश के लोगों के बजाय विदेशी ज्यादा रस लेते हैं| और यह बात मात्र राजनीतिक नही है कि कश्मीर में‌ पाकिस्तान के इंटरेस्ट है| यह बात व्यापक है और सामाजिक है| यदि हम देश के सभी हिस्सों से ताल्लुक रखेंगे ही नही; तो जाहिर सी बात है वहाँ से हमारे रिश्ते धीरे धीरे टूटेंगे| जैसे नॉर्थ ईस्ट प्रदेश हो| अगर हम वहाँ कभी गए नही; वहाँ के प्रदेश को; जनता को; वहाँ की संस्कृतियों‌ को समझा ही नही; तो जाहिर है जुड़ाव कम होगा| आज देश के कितने ऐसे हिस्से हैं जिनके बारे में‌ यदि हमे जानना हो तो विदेशी यात्रियों के विवरण पढ़ने पड़ते है| हिमालय में हमसे शायद अधिक विदेशी यात्री भ्रमण करते हैं| हिमालय के ऐसे सुदूर और दुर्गम स्थान हैं जहाँ हम जाने का सोच भी नही‌ सकते और ये लोग जाते हैं| यदि हमें लगता है कि ये सब स्थान हमारे देश में‌ हैं और आगे भी रहें तो हमें वहाँसे जुड़ना चाहिए| खैर|

यात्रा सकुशल रही और शाम को छह बजे जम्मू पहुँच गया| पैदल चलते और जम्मू शहर देखते सेवा भारती कार्यालय पहुँच गया|

यहाँ रोहितजी और दादाजी से मिलना हुआ| राहत कार्य का अपडेट लिया| बनाए गए कुछ पाम्पलेट भी मिले| आगे कुछ स्टॉल्स देने की योजना पर काम होगा| इससे लोगों को उनकी आजीविका रिस्टोअर करने में मदद मिलेगी| छह महिनों‌ के लिए डॉक्टर आए, इसके भी पुख़्ता प्रयास हो रहे हैं| रोहितजी भी बड़े उत्साह के साथ और कुछ करना चाहते हैं| शाम को जम्मू में थोड़ी सी शॉपिंग की| फिर रवि जी से बातें हुईं| कई यादों के साथ वह दिन समाप्त हुआ|

बीस अक्तूबर की सुबह दादाजी से विदा लिया| संस्था के साथ आगे भी कार्य करना है| जैसे सम्भव हो वापस आना है और पहली बात जो काम वहाँ‌ देखा उसे सभी तक पहुँचाना है| रवि जी ने ही‌ स्टेशन पर छोडा| उन्होने ने ही जम्मू में रात डेढ़ बजे रिसिव्ह भी किया था मात्र पन्द्रह दिन पहले| लेकिन उसे अब एक अरसा हो गया है. . . .

जम्मू से निकलते समय मन में कई विचार और भावनाएँ हैं| पहली बात तो कश्मीर में जितना कुछ देखना हुआ, उसमें लोग फिर से खड़े होते दिखाई दिए| कुछ कुछ जगहों पर तो लगा ही‌ नही कि इतनी तबाहकारी बाढ़ आ के गई है| लोगों में अपने बलबूते पर खड़े होने का जस्बा दिखा| ऐसे कई कार्यकर्ताओं से मिलना हुआ जिन्होने राहत कार्य में अहम भुमिका निभाई| हिलाल भाई- जिन्होने कई जिंदगियाँ बचायी| उनके पिताजी‌ तब तक हॉस्पिटल में ही थे; बाद में उनका स्वास्थ्य बेहतर हुआ| अकेले चले आए कई कार्यकर्ता! सेवा भारती का कार्य और उसका 'good conductor' बनना! माध्यम बनना! दादाजी जैसे व्यक्तित्व से मिलना| ऐसे और भी‌ बहुत. . . .

और वे अस्वस्थ करनेवाली बातें| लेकिन अब इतनी भी अधिक अस्वस्थ नही कर रही है| जैसा पहले एक बार कहा, मजहब के भेद और रहने- बसने  से होनेवाले भेद बहुत उपरी‌ होते हैं| सीमित होते हैं| बड़ी सच्चाई इन्सान होना है| अत: इन संकीर्ण और उपरी भेदों को इतना महत्त्व देने की कोई आवश्यकता नही है| और हर एक बात के पीछे ठोस कारण है| जो भी प्रतिक्रियाएँ हैं; जो भी भावनाएँ हैं; उनके पीछे बड़ी पृष्ठभूमि है| ऐसी परिस्थितियों में हम भी शायद ऐसे ही विचार करेंगे| यह तो स्वाभाविक है|

थोड़ा सा दु:ख इस बात का जरूर है कि इन्सान को अब भी इन्सान नही देखा जाता है| उसके लेबल से; उसके बॅकग्राउंड से ही देखा जाता है| सिर्फ इन्सान देखनेवाली दृष्टि और वह समझ अब भी कम पैमाने पर है| लेकिन जब वह दृष्टि और वह समझ समाज में आएगी, तो हालात बदल जाएँगे| अभी के हालात जरूर अस्वस्थ करनेवाले हैं| ऐसे में मिल्खासिंह के फिल्म का एक संवाद याद आता है- “इन्सान बुरे नही होते हैं; हालात बुरे होते हैं|” और हालात को ठीक करना हो तो उसके लिए आधुनिक दृष्टि और समझ चाहिए जो युवाओं में‌ साफ तौर पर दिखाई पड़ती है| जैसे जैसे यह समझ बढ़ेगी हालात बदलेंगे| इसके लिए हमें बस एक कदम उठाना है| जो दूरी है उसे चल कर कम करना है| डॉ. त्रिपाठी जी इस कार्य के शुरू के चरण में बड़े सक्रिय रहें| उनकी एक बात याद आती है- आप जो कुछ करना चाहेंगे कश्मीर आ कर किजिए| घूमना हो, ट्रेकिंग करना हो, पर्यटन हो, उसके लिए कश्मीर आईए| यही बात देश के ऐसे अन्य हिस्सों के लिए भी लागू है| जम्मू- कश्मीर- लदाख हो, हिमाचल, उत्तराखण्ड, नॉर्थ ईस्ट, अन्दमान या लक्षद्विप हो; वहाँ पर हमे जाना चाहिए; जुड़ना चाहिए| अधिकारों के बारे में कहा जाता है कि जो अधिकार इस्तेमाल नही किए जाते हैं, वे धीरे धीरे समाप्त होते हैं| और यह हमारा चुनाव है| खैर|

युवा पिढी की बढ़ती हुई समझ एक सपना दे जाती है| अगर समझ ऐसी बढती रही तो एक दिन भारत पाकिस्तान भी युरोपियन युनियन जैसे करीब आ सकते हैं| युरोपियन युनियन में भी सभी‌ देश एक दूसरे से अनगिनत बार झगड़े हैं| और उन देशों में तो मतभेद और भिन्नताएँ बड़ी गहन है| भारत- पाकिस्तान में तो काफी समानताएँ हैं| भाषा का भेद ना के बराबर है; संस्कृति मोटा मोटी समान है| और स्ट्रेंथ और वीकनेसेस भी एक दूसरे जैसे ही है! अगर थोड़ी सी समझ आ जाए और सच्चे 'स्वार्थ' की दृष्टि की भनक लगे; तो ये देश करीब आ सकते हैं| क्यों कि वे करीब हैं ही| इसमें और भी एक बात हैं| कहते हैं ना कि दुश्मनी दोस्ती के सिक्के का ही दूसरा पहलू होता हैं; या प्यार में इन्कार भी होता है! वैसे यहाँ पर भी है| आप उसी से दुश्मनी कर सकते हैं जिसके आप दोस्त हो| उसी से झगड़ सकते हैं जिससे कुछ रिश्ता हो| अन्यथा किसी अन्जान व्यक्ति से कौन झगड़ेगा? इसलिए काफी कुछ चीजें सकारात्मक हैं|






















































































जहाँ दूर नजर दौडाए. . . आज़ाद गगन लहराए. . .  लहराए . . .
























































सभी यादों को संजोते हुए और सभी साथियों को प्रणाम करते हुए अब इस लेखन को रोकना होगा| मंजिल जैसी चीज जीवन में होती नही है| जीवन तो एक पड़ाव से अगले पड़ाव पर आगे ही जाता रहता है| जीवन की धारा रूकती नही है| सभी साथियों को प्रणाम करते हुए और आप जैसे सभी पढ़नेवालों को धन्यवाद देते हुए लेखणि को तात्कालिक विराम देता हुँ| किसी अगले पड़ाव पर मिलने तक रामराम, अलविदा!

बहुत बहुत धन्यवाद एवम् सभी को प्रणाम|

4 comments:

  1. Dhanyavad Niranjanji! Apka blog mujhe fir ek bar kashmirki sair Kara laya.

    ReplyDelete
  2. धन्यवाद सर! आपकी कमेंट मिलना मेरे लिए बहुत बड़ी बात है| धन्यवाद और नमस्कार|

    ReplyDelete
  3. नमस्कार, काश्मीरची लेखमालिका जिद्दीनं पुर्ण केल्याबद्दल अभिनंदन.
    काश्मीर प्रश्न सुटावा यासाठी माझ्या काही सुचना
    १) लष्कराला संपूर्ण सहकार्य AFSA बाबत अप्रचाराला थारा न देणे
    २) काश्मीरमधील राष्ट्रवादी शक्तींना बळकटी
    ३) काश्मीर खो-यातील चार जिल्हे म्हणजे काश्मीर नव्हे. जम्मू आणि लड्डाखलाही तितकच महत्व दिलं गेलं पाहिजे
    ४) विधानसभेतील जागांमध्ये काश्मीर खो-यातील जागांची खिरापत कमी करुन सर्व भागाला लोकसंंख्येच्या प्रमाणात योग्य प्रतिनिधीत्व
    ५) काश्मीर विधानसभा, स्थानिक स्वराज्य संस्थामध्ये ओबीसी एसटींनी रिझरर्व्हेशन नाही. ते लोकसंख्येच्या प्रमाणात मिळालॉ पाहिजे
    ६) पाकव्याप्त काश्मीरमधील नागरिकांचे कायमस्वरुपी पुनर्वसन, त्यांना मतदानाचा अधिकार मिळावा.
    ७) काश्मिरी पंडिताांना त्यांची जमीन, संपत्ती कायद्यानं परत मिळावी
    ८) काश्मीरला भारतापासून वेगळे करणारे कलम ३७०आणि कलम ३५ ( अ) रद्द करणे
    ९ ) काही फुटकळ पाकिस्तानी नेते म्हणजे काश्मीरचे प्रतिनिधी नव्हे तेथील जनता भारतीयच आहे. देशातील अन्य नागरिकांनीही काश्मीरला जास्तीत जास्त भेट द्यावी. जम्मू, काश्मीर, लड्डाख अशा भागांना फोकस करुन दौरा करावा ज्यामुळे तो भाग अधिक फोकस करता येईल

    ReplyDelete
    Replies
    1. ओंकार जी, बहुत बहुत धन्यवाद विस्तृत टिप्पणि के लिए! :) अच्छे सुझाव है|‌ आप कश्मीर के लोगों से मिलने कब जाएंगे?

      Delete

आपने ब्लॉग पढा, इसके लिए बहुत धन्यवाद! अब इसे अपने तक ही सीमित मत रखिए! आपकी टिप्पणि मेरे लिए महत्त्वपूर्ण है!